शादी न होने से परेशान प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने जब शव लटका देखा,तब घटना की सूचना परिजनों के साथ-साथ पुलिस को दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महोबा जनपद के चरखारी थाना क्षेत्र के राईनपुर गांव निवासी उपेंद्र विश्वकर्मा (25) का गांव की ही गैर बिरादरी की युवती के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी करना चाह रहे थे। इसकी खबर उनके परिजनों को लगी, तो उपेंद्र के परिजन इस रिश्ते के लिए सहमत हो गए। वहीं, लड़की के घरवालों ने इससे इनकार कर दिया। इससे प्रेमी युगल परेशान थे। दोनों ने साथ-साथ जीवन न गुजारने पर साथ-साथ मरने की ठान ली। बुधवार की रात किसी समय दोनों घर से निकल गए। बृहस्पतिवार की सुबह जब लोग उठे और बाहर निकले। तब गांव के बाहर एक आम के पेड़ की डाल से दोनों के शव रस्सी के सहारे लटके हुए मिले। सूचना पर चरखारी पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।