बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के शांतिनगर में बुधवार देर रात 22 वर्षीय मोहित शर्मा की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने बताया कि मोहित का मोहल्ले के कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर के पास सुनसान जगह पर बुलाया था। बुधवार देर रात करीब ढाई बजे मोहित और चार-पांच युवकों ने वहां शराब पी। पार्टी के दौरान ही हमलावरों ने मोहित के पेट, छाती और गले पर धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में मोहित की आंतें भी बाहर आ गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और दोस्ती भी हो गई थी। इसके बावजूद, पुरानी रंजिश के चलते आरोपी मोहित को खाटू श्याम जी और हरिद्वार भी ले गए थे। हालांकि, वे वहां हत्या करने में सफल नहीं हो पाए थे। बाद में उन्होंने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर मोहित को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने मोहित को उसके घर के नजदीक एक सुनसान स्थान पर बुलाया था। वहां उन्होंने पहले शराब पी और फिर घात लगाकर हमला किया। मोहित के शरीर पर कई जगह धारदार हथियारों से वार किए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है। मोहित के भाई ने बताया कि आरोपी पहले भी मोहित को मारने की फिराक में थे। वे उसे खाटू श्याम जी और हरिद्वार जैसे स्थानों पर भी ले गए थे, लेकिन सफल नहीं हो पाए थे। आरोपियों ने अब शराब पिलाने के बाद उसे मारा है। उसे सीने पर एक और पेट में दो वार किए थे। मोहित के भाई ने बताया कि आंतें बाहर आ चुकी थीं। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। मोहित की हत्या के बाद परिजनों और बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजमार्ग जाम कर दिया। मौके पर पांच थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब 35 मिनट बाद जाम खुलवाया जा सका।