मध्यप्रदेश-जहरीली शराब का कहर! 9 मौतों से दहला इलाका

SHARE:

संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मध्यप्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील क्षेत्र के घूघरा, नौराज, बराज सहित आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद कई लोगों की हालत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। बीमार लोगों को बंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान नौ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 लोग अस्पताल पहुंचे हैं। गंभीर मरीजों को सागर रेफर किया गया है। ताजा रिपोर्टों में मृतकों की संख्या नौ तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से बंडा के सिविल अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सागर भेजा गया। चिकित्सकीय टीमें मरीजों के उपचार और निगरानी में जुटी हैं।
कलेक्टर-एसपी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया प्रशासनिक एवं पुलिस अमले के साथ बंडा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। प्रभावित गांवों में भी प्रशासन की टीमों को सक्रिय किया गया है।
चार गांवों तक पहुंचा मामला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रभावित लोगों का संबंध घूघरा, नौराज, बराज और आसपास के गांवों से बताया जा रहा है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से आई और उसके सेवन के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत क्यों बिगड़ी।
जांच के बाद साफ होगी मौत की असली वजह
फिलहाल मौतों को संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से जोड़कर देखा जा रहा है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी। पुलिस और आबकारी विभाग मामले की पड़ताल में जुटे हैं।
इलाके में दहशत, जांच तेज
नौ मौतों और 25 लोगों के अस्पताल पहुंचने की घटना के बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से लोगों की स्क्रीनिंग और बीमार लोगों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment