बाँदा-खेल मैदान में गूंजा जीत का जश्न, तालियों से थर्रा उठा इंडोर हाल

SHARE:

खेलों के रोमांच, खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की गगनभेदी तालियों के बीच मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण का भव्य समापन हुआ। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों और खेलप्रेमियों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
बांदा के स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित इंडोर हाल में आयोजित समापन समारोह में देर शाम तक खेलों का रोमांच बना रहा। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन को भी प्रसन्न रखते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगियों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार कराए जाएंगे।
कबड्डी फाइनल में जेएन योद्धा ने मारी बाजी
कबड्डी का फाइनल मुकाबला सबसे रोमांचक रहा। जेएन योद्धा और जेएन कॉलेज के बीच हुए मुकाबले में खिलाड़ियों ने जमकर दमखम दिखाया। जेएन योद्धा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जेएन कॉलेज को 40-26 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
रस्साकसी के महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने पूरा जोर लगाया। खिलाड़ियों के जबरदस्त संघर्ष पर दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
पांडा और भालू दादा की एंट्री ने लूटी महफिल
समारोह में मिनी ओलंपिक के शुभंकर पांडा और उसके साथी भालू दादा की एंट्री आकर्षण का केंद्र रही। दोनों शुभंकरों के इंडोर हाल में पहुंचते ही बच्चों और दर्शकों में उत्साह छा गया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंज उठा।
वॉलीबाल से बैडमिंटन तक चमके खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के नेतृत्व में विजेता वॉलीबाल सीनियर पुरुष वर्ग की बांदा स्टेडियम टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैडमिंटन पुरुष एकल ओपन वर्ग में अजफर ने स्वर्ण और अर्श सईद ने रजत पदक हासिल किया। महिला ओपन एकल में गौरी को स्वर्ण और मांडवी को रजत पदक मिला। अंडर-15 बालिका एकल में अपूर्वा ने स्वर्ण और गरिमा ने रजत पदक जीता। ताइक्वांडो अंडर-21 वर्ग में श्रेयांस को स्वर्ण, कबीर को रजत और आरएस अथान को कांस्य पदक प्रदान किया गया। श्रेयांस का नाम पुकारे जाने पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। शतरंज में शुभ सोनी को स्वर्ण पदक मिला। टेबल टेनिस जूनियर बालिका एकल वर्ग में वैभवी ने स्वर्ण और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द की रागनी ने रजत पदक हासिल किया।
शूटिंग में भी दिखा खिलाड़ियों का दम
शूटिंग प्रतियोगिता में आरव, यशवंत द्विवेदी, श्रेया, नंदिनी, स्मृति और सुमित को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। ओपन पुरुष कैटेगरी में डिप्टी लेबर कमिश्नर नासिर खान को भी स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
आयोजन से जुड़े लोगों को भी मिला सम्मान
समारोह में आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और सहयोगियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, आयोजन सचिव एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के महासचिव डा. इन्द्रवीर सिंह, सुनील सक्सेना, जिला वालीबाल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव काजी जमीर, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव, प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक कुमार, पवन निषाद, महेश प्रसाद गर्ग, राहुल शुक्ला, प्रमोद कुमार, विक्रम कुमार, शिवप्रताप सिंह चंदेल, रितेश सिंह, प्रदीप वर्मा, भानुप्रताप सिंह, वैभव राज सिंह, सुघर सिंह, अमिता कुशवाहा, रामकुमार यादव, विजय पाल सिंह यादव, प्रवीण कुमार पांडेय, रोशन कुमार, सत्येंद्र कुमार और वेद प्रकाश समेत आयोजन से जुड़े अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र तथा डिप्टी कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित वर्मा आदि मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment