अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा के बाद पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए 10,272 अभ्यर्थियों का परिणाम और कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम अंतिम चयन परिणाम नहीं है।
लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार विज्ञापन संख्या-11-परीक्षा/2024 के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के 5,272 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। इसमें संविदा के आधार पर सहायक नर्स मिडवाइफ के रूप में कार्य करने के अनुभव के लिए निर्धारित अधिमानी अंक भी जोड़े गए हैं।
आयोग के मुताबिक अभिलेख परीक्षण के लिए पात्र अभ्यर्थियों का परिणाम मेरिट के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें 10,272 अभ्यर्थियों को पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए योग्य पाया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता या अभिलेख परीक्षण के लिए घोषित यह परिणाम अंतिम चयन परिणाम नहीं माना जाएगा। अंतिम चयन परिणाम अभिलेख परीक्षण के बाद यथासमय घोषित किया जाएगा। श्रेणीवार कटऑफ
अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 61.75 अंक, अनुसूचित जाति का 56.75, अनुसूचित जनजाति का 31.75, अन्य पिछड़ा वर्ग का 55.25 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 55.00 अंक रहा। क्षैतिज आरक्षण की स्थिति
आयोग के अध्यक्ष डॉ एसएन साबत ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों के लिए कटऑफ 30 अंक रखा गया है। दिव्यांगजन के लिए पद चिह्नित नहीं हैं। महिला वर्ग के लिए शत-प्रतिशत महिला संवर्ग के पद हैं। भूतपूर्व सैनिक के लिए अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए उपलब्धता की सीमा तक समस्त अभ्यर्थी चिन्हित किए गए हैं।