ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों की सचिवालय में उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। निर्धारित दिवस पर संबंधित अधिकारी आवंटित ग्राम पंचायत में मौजूद रहकर अपने पदीय दायित्वों और कार्यों का निस्तारण करेंगे।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर निर्देश जारी किए हैं। रोस्टर के अनुसार निर्धारित दिवस पर ग्राम विकास अधिकारी अपने आवंटित ग्राम पंचायत के सचिवालय में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति और कार्यों का जनपद स्तर पर जिला विकास अधिकारी नियमित रूप से जियोटैग फोटोग्राफ के माध्यम से अनुश्रवण करेंगे। इसी तरह ग्राम पंचायत अधिकारियों को भी रोस्टर के अनुसार निर्धारित दिवस पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिवालय में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इन अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जियोटैग फोटोग्राफ के माध्यम से की जाएगी। रोस्टर के अनुसार गांव में रहेंगे उपस्थित
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संलग्न रोस्टर के अनुसार निर्धारित दिवस पर आवंटित ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहकर अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करें। अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं और पंचायत से जुड़े कार्यों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देना होगा। लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। रोस्टर के अनुसार सचिवालय में उपस्थित रहकर कार्यों का प्रभावी ढंग से संपादन सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।