लखनऊ-मायावती का बड़ा सियासी दांव, छोटे भतीजे ईशान को मिली अहम जिम्मेदारी

SHARE:

बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को सक्रिय राजनीति में अहम जिम्मेदारी दी है। इस फैसले के बाद बसपा के भीतर नई पीढ़ी की भूमिका और आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
लखनऊ स्थित बसपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक के बाद ईशान आनंद को पार्टी का मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें करीब 15 राज्यों के संगठनात्मक कामकाज पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी दी गई है, हालांकि राज्यों का प्रभार सौंपे जाने को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। ईशान आनंद, आकाश आनंद के छोटे भाई हैं। वह पार्टी की हालिया महत्वपूर्ण बैठकों में मायावती के साथ नजर आए हैं। दूसरी ओर आकाश आनंद को हाल में पार्टी की बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से दूर रखा गया है। इससे बसपा की अंदरूनी राजनीति में ईशान की बढ़ती भूमिका को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
आकाश के सियासी भविष्य पर भी सवाल
ईशान आनंद को नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही आकाश आनंद को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालिया घटनाक्रम के बीच आकाश ने सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को ‘बसपा समर्थक’ बताया है। हालांकि, इससे उनके पार्टी से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं होती है।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कवायद
बसपा उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। ऐसे में युवा चेहरे को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने को पार्टी की भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ईशान की भूमिका आने वाले दिनों में कितनी बढ़ती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई