नहाने के लिए घर से निकले तीन मासूम गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्चों को बचाने के लिए चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों की मदद से कपड़े उतारकर गड्ढे में छलांग लगा दी और काफी देर तक पानी के अंदर बच्चों की तलाश करते रहे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
महोबा के चरखारी क्षेत्र के रिवई गांव में यह दर्दनाक हादसा हुआ। गड्ढे में तीन बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों की तलाश के लिए ग्रामीण भी पानी में उतर गए। इसी दौरान चौकी प्रभारी सुजीत जायसवाल ने भी बिना देर किए कपड़े उतारे और ग्रामीणों के साथ गड्ढे में कूद गए। उन्होंने काफी देर तक पानी में बच्चों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन तीनों बच्चों को बचाया नहीं जा सका। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम पसरा है। बच्चों को बचाने में जुटे रहे चौकी प्रभारी
बच्चों के गड्ढे में डूबने की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी सुजीत जायसवाल ने अपनी जान की परवाह किए बिना ग्रामीणों के साथ पानी में उतरकर तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद बच्चों का पता नहीं चल सका। बाद में तीनों के शव बरामद किए गए। तीन परिवारों में छाया मातम
एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं अधिकारियों परिवार को हर सम्भव मदद का भरोसा दिया है।