रील बनाने के चक्कर में युवक ने करीब 30 फीट ऊंचाई से बांध में छलांग लगा दी। युवक पानी में गिरने के बजाय कम पानी वाली जगह जा गिरा, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई।
झांसी के पहूज बांध में रविवार शाम यह हादसा हुआ। रक्सा क्षेत्र के परवाई गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार (32) पुत्र राजकुमार अपने दोस्तों के साथ बांध घूमने पहुंचे थे। बताया गया कि सभी लोग रील बना रहे थे। इसी दौरान पुष्पेंद्र बांध के बाईं ओर बने व्यू प्वाइंट पर पहुंच गए और बाउंड्रीवाल पर चढ़कर करीब 30 फीट नीचे छलांग लगा दी।
पुष्पेंद्र को उम्मीद थी कि वह पानी में गिरेंगे, लेकिन जिस स्थान पर वह गिरे वहां पानी काफी कम था। जमीन से टकराते ही उनके दोनों पैर टूट गए। घायल होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल सके। दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही ग्रासलैंड चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को बाहर निकालकर उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। रील के लिए जिंदगी जोखिम में डालना पड़ा भारी
सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून कई बार लोगों को खतरनाक स्टंट करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस घटना में भी युवक ने पानी की गहराई का अंदाजा लगाए बिना ऊंचाई से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि हादसा जानलेवा नहीं हुआ, लेकिन दोनों पैर टूटने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजने में मदद की। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।