रविवार को योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में आधा दर्जन लोग शामिल हुए हैं। जिसमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सपा के बागी विधायक व पूर्व मंत्री मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में रविवार को योगी आदित्यनाथ सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार सम्पन्न हो गया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सभी नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई। कन्नौज जिले की तिर्वा विधानसभा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। उन्हें लोधी समाज के वोटरों को साधने के लिए कैबिनेट में जगह दी गई है। कैलाश सिंह राजपूत भाजपा के अनुभवी नेता हैं और कन्नौज जिले के लोधी समाज में एक प्रभावशाली पहचान रखते हैं। उन्होंने 1996 में भाजपा विधायक के रूप में अपने राजनीतिक जीवन का शुभारंभ किया। 2007 में बसपा में शामिल हुए और तत्कालीन उमर्दा विधानसभा सीट (परिसीमन के बाद तिर्वा विधानसभा सीट में शामिल हुई) से विधायक चुने गए। 2012 का चुनाव उन्होंने सपा के टिकट पर लड़ा तब उन्हें हार नसीब हुई थी। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए तिर्वा सीट पर जीत हासिल की और 2022 के चुनाव में भी इसी सीट पर प्रभावशाली जीत दर्ज की और अब योगी कैबिनेट का हिस्सा बने। इस मौके पर भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, अजीत सिंह पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जिसमें भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। तथा अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ दिलाई गई। वहीं कृष्णा पासवान,कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को राज्य मंत्री बनाया गया है।