रिश्ता तोड़ने से खफा युवक ने लड़की के पिता की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी भाग खड़ा हुआ।
लखीमपुर खीरी के गोला थाना क्षेत्र में गांव शिवपुर सांडा निवासी सलीम (45 वर्ष) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने घर में घुसकर सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किए। लहूलुहान सलीम घर के बाहर निकला और सड़क पर गिर गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने फूलबेहड़ के ग्राम हजरजपुर निवासी दानिश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दहेज को लेकर टूटा था रिश्ता
परिजनों ने बताया कि सलीम की पुत्री जीनत का निकाह दानिश के साथ तय हुआ था। आरोप है कि दाशिन के परिवार ने दहेज की मांगी, जिसके चलते उसके साथ रिश्ता तोड़ दिया गया। इसके बाद सलीम ने जीनत का निकाह दूसरी जगह तय कर दिया, लेकिन दानिश और जीनत एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे। आरोपी दानिश को इस बात का डर था कि सलीम के रहते हुए उसका निकाह जीनत के साथ नहीं हो पाएगा। इसी के चलते उसने बृहस्पतिवार को घर में घुसकर सलीम की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सीओ महक शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।