मॉर्निंग वॉक को निकले बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र के लाला की सराय मोहल्ले के रहने वाले राम दुलारे कोरी शनिवार को मार्निंग वॉक पर निकले थे। लल्ला चुंगी के पास वह लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्ग के सीने में गोली मारी गई है। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। आईट्रिपलसी कैमरों को खंगालने पर पता चला कि घटना को किसी और ने नहीं बल्कि बुजुर्ग के सबसे छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा ने ही अंजाम दिया है। बाइक पर अपने एक साथी के साथ उसने मार्निंग वॉक पर निकले अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की टीमें हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई हैं। एसीपी कर्नलगंज विमल किशोर मिश्र ने बताया कि बुजुर्ग का अपने बेटे से भरण पोषण का विवाद चल रहा था। इसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन था। इसी कारण से बेटे ने पिता को रास्ते से हटाने के लिए गोली मारी है। पुलिस की टीम जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ लेगी। सीसीटीवी कैमरे से खुला राज
बुजुर्ग के सड़क पर लहूलुहान मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस को लगा कि वह सड़क हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने जब बताया कि बुजुर्ग को गोली मारी गई है तब पुलिस हरकत में आ गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई और उसमें गोली मारने वाला शख्स मृतक बुजुर्ग का छोटा बेटा ही निकला। उसके साथ बाइक पर एक युवक और दिखाई दे रहा है। राम दुलारे कोरी रोज सुबह टलहने के लिए निकलते थे। यह बात बेटे को पता थी। पहले से घात लगाकर बैठे बेटे ने गोली मार दी। सुबह का समय होने पर सड़क पर आवाजाही भी नहीं थी। इससे लोगों को लगा कि सड़क पर लहूलुहान पड़े बुजुर्ग को किसी वाहन ने धक्का मारा है। अदालत के फैसले से बेटा था नाखुश
बुजुर्ग ने परिवार न्यायालय में भरण पोषण के लिए वाद दाखिल किया था। इसमें न्यायालय ने बुजुर्ग राम दुलारे कोरी के पक्ष में फैसला सुनाया था। हत्या की घटना को इसी संदर्भ में जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।