उड़ान भरने के महज 20 मिनट बाद एक प्रशिक्षण विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।
कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्थूपुरवा गांव के बाहरी इलाके में गुरुवार को गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर का चार सीटर डुअल इंजन प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 11:50 बजे हादसे का शिकार हो गया। विमान गंगा बैराज के पास एक खेत में गिरा। हादसे में गुजरात निवासी फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। तीन हजार घंटे उड़ान भरने का प्रशिक्षक को था अनुभव
पुलिस के मुताबिक सचिन भाटिया के पास करीब तीन हजार घंटे उड़ान का अनुभव था। हादसे के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। विमानन अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दो महीने में दूसरी घटना से उठे सुरक्षा पर सवाल
गर्ग एविएशन से जुड़े इस हादसे ने विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले 26 जून को भी इसी संस्थान से जुड़े प्रशिक्षण विमान में एक महिला कैडेट हादसे का शिकार होकर घायल हुई थी। हालांकि मौजूदा दुर्घटना के कारणों पर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।