पुल की रेलिंग के पास काफी देर तक घूमने के बाद एक वृद्ध अचानक रेलिंग पर चढ़ गया और किसी के कुछ समझ पाने से पहले नदी में छलांग लगा दी। उसे पानी में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्थानीय मछुआरे व गोताखोर तत्काल नदी में उतर गए।
जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी छोटेलाल सिंह (65) पुत्र जगतपाल सिंह गुरुवार सुबह बेंदाघाट स्थित यमुना पुल पर पहुंचे थे। वह काफी देर तक पुल की रेलिंग के पास घूमते रहे। इसके बाद अचानक रेलिंग पर चढ़कर यमुना में छलांग लगा दी। घटना देख पुल के नीचे मौजूद स्थानीय मछुआरों और गोताखोरों ने तत्काल पानी में छलांग लगाई और वृद्ध को पकड़ लिया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया।
बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया
नदी से बाहर निकाले जाने के समय छोटेलाल सिंह बेहोशी की हालत में थे। पुलिस की मौजूदगी में उन्हें उपचार के लिए पीएचसी तिंदवारी में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पटेल ने बताया कि वृद्ध को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल वह बेहोशी की हालत में हैं। जिनका उपचार जारी है।