बाँदा-मिशन शक्ति 6.0 के तहत स्कूलों और बाजारों में चला जागरूकता अभियान

SHARE:

महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान बालिकाओं को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाने के साथ ही जरूरत पड़ने पर मदद लेने के तरीके बताए गए।
मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, बैंकों और बीट क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने बालिकाओं और महिलाओं को शासन द्वारा संचालित सुरक्षा एवं सशक्तीकरण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें गुड टच-बैड टच के बारे में बताते हुए असहज स्पर्श की पहचान करने और ऐसी स्थिति में बिना डरे अभिभावकों, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
स्कूलों और बैंकों में जागरूकता कार्यक्रम
14 अक्टूबर को थाना कमासिन की मिशन शक्ति टीम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय ग्राम पछौहा, थाना कोतवाली देहात की टीम ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कस्बा जमालपुर तथा थाना कालिंजर की टीम ने इंडियन बैंक और नीलकंठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कस्बा कालिंजर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसके अलावा जनपद की सभी मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने बीट क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा तथा सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया।
मुसीबत में इन हेल्पलाइन नंबरों से लें मदद
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई