नीट की तैयारी कर रही छात्रा का शव कमरे में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने परिवार के ही एक युवक पर छात्रा को लंबे समय से परेशान करने का आरोप लगाया है।
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर गंगानगर में रहने वाले नरेंद्र प्रताप का परिवार करीब तीन साल से किराये के मकान में रह रहा है। उनकी 18 वर्षीय बेटी खुशबू सिंह NEET की तैयारी कर रही थी। बुधवार सुबह छात्रा का शव कमरे में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार, खुशबू का भाई अभिषेक ने आरोप लगाया कि परिवार का ही एक सदस्य उसकी बहन को लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि बुआ का बेटा खुशबू पर प्रेम संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। उसका नंबर ब्लॉक करने के बाद भी वह अलग-अलग नंबरों से फोन कर दबाव बनाता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के आरोपों की जांच शुरू
पुलिस मामले में छात्रा के परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है। मोबाइल फोन और कॉल से संबंधित जानकारी समेत अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।