अचानक पड़ोसी की जर्जर दीवार भरभराकर गिरने से एक परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। हादसे में पिता और छह माह की मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और तीन वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के तराया गांव निवासी राजेश सिंह (40) मंगलवार रात पत्नी सावित्री देवी (35) और दो बेटियों के साथ घर में थे। बताया गया कि पड़ोसी की दीवार का दबाव राजेश के मकान की दीवार पर पड़ा, जिससे वह अचानक भरभराकर गिर गई। चारों लोग मलबे में दब गए।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। सभी को मलबे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया। डॉक्टरों ने राजेश सिंह और उनकी छह माह की बेटी रश्मि को मृत घोषित कर दिया। सावित्री देवी और तीन वर्षीय बेटी लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एक झटके में उजड़ गया परिवार
हादसे में पिता और मासूम बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां और दूसरी बेटी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के कारणों की भी जानकारी की जा रही है।