पारिवारिक विवाद में उस समय खूनी वारदात हो गई, जब एक युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और विवाद के बीच बीच-बचाव करने आई युवती के पेट में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र के सत्ती चौराहा में रविवार शाम यह सनसनीखेज वारदात हुई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बहन के विवाद में पहुंची थी चांदनी
जानकारी के अनुसार सत्ती चौराहा निवासी चांदनी अपनी मां के घर से करीब 100 मीटर दूर पति उपेंद्र और चार वर्षीय बेटी के साथ रहती थी। उसकी बहन सरोजनी का पति संतोष से करीब दो साल से विवाद चल रहा था। सरोजनी ने पति के खिलाफ तलाक का मुकदमा भी दायर किया था और वह मायके में रह रही थी। रविवार दोपहर संतोष के सरोजनी से मिलने पहुंचने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद शाम को संतोष का भाई विनोद, चचेरा भाई अंशु और अन्य लोग बाइक से सरोजनी के मायके पहुंचे। विवाद बढ़ने पर चांदनी ने बीच-बचाव किया, तभी आरोप है कि विनोद ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगने से चांदनी मौके पर गिर पड़ी। पुलिस की मदद से परिजन उसे केपीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पर डीसीपी पूर्वी और एडीसीपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, तलाश में चार टीमें
मृतका की बहन अंजलि की तहरीर पर संतोष, उसके भाई विनोद, अजय, चचेरे भाई अंशु समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सात साल पहले किया था प्रेम विवाह
चांदनी ने करीब सात वर्ष पहले पड़ोस में रहने वाले उपेंद्र से प्रेम विवाह किया था। उसका पति एक होटल में शेफ है। वारदात के बाद चांदनी की चार वर्षीय बेटी अपनी मां को पुकारती रही, जबकि बेटी की मौत की खबर सुनकर उसकी मां बेसुध हो गई।