जनपद में बारिश और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। लोगों से नदी, नाले, तालाब और तेज बहाव वाले पानी के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा बच्चों को जलस्रोतों से दूर रखने की अपील की गई है।
जनपद बांदा में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से बाढ़ एवं डूबने की घटनाओं से बचाव के लिए नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि जलभराव वाले मार्गों से आवागमन करने से बचें और तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें। नाव में क्षमता से अधिक सवारी न करें
प्रशासन ने नाव से यात्रा करने वाले लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को सवार न करें। किसी व्यक्ति के डूबने की स्थिति में स्वयं पानी में उतरकर बचाव का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें। बच्चों को जलस्रोतों से रखें दूर
बारिश और बाढ़ के दौरान नदी, तालाब, नाले और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अभिभावकों से बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले न जाने देने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाएं
प्रशासन ने कहा है कि बाढ़ या जलभराव की स्थिति गंभीर होने पर नागरिक प्रशासन द्वारा बताए गए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें। डीएम ने कहा- सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि बारिश और बाढ़ के दौरान नागरिक किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। नदी, नाले, तालाब अथवा तेज बहाव वाले पानी के नजदीक जाने से बचें और बच्चों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों और अधिकृत सूचनाओं का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आपात स्थिति में प्रशासन को दें सूचना
आपात स्थिति में बांदा आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05192-285260 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 9452662412 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस सहायता के लिए 112 और एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर संपर्क करें।