कानपुर-डीएम बनकर शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण,हड़पी नगदी व लाखों के जेवरात,पुलिस ने किया गिरफ्तार

SHARE:

फर्जी डीएम बनकर पहले शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। फिर लाखों रुपए भी हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर के कल्याणपुर पुलिस ने फर्जी जिलाधिकारी बन यौन शोषण और लाखों रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डीएम कानपुर का फर्जी नियुक्ति पत्र दिखा शादी का झांसा देकर युवती से 26.50 लाख रुपये और सोने व चांदी के गहने हड़प लिए थे। असलियत पता चलने पर युवती ने एफआईआर कराई थी। कल्याणपुर निवासी युवती ने 16 जनवरी को दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात चकेरी के नीतेश पांडेय से हुई थी। उसने स्वयं को सरकारी बैंक का फील्ड ऑफिसर बताकर दोस्ती की। उसके बाद शादी का प्रस्ताव रखा। कुछ दिन बाद आरोपी ने उन्हें खुद का चयन एसडीएम के पद पर होने और फिर डीएम कानपुर के पद पर नियुक्ति होने की जानकारी दी। उनके मोबाइल पर सरकारी विभाग की मेल आईडी और चयन के फर्जी दस्तावेज व्हाट्सएप किए थे। आरोपी ने उनसे 26.50 लाख रुपये और सोने व चांदी के गहने ले लिए। इसके बाद उसने किनारा कर लिया। युवती को जालसाजी का अहसास हुआ और उन्होंने आरोपी व तीन अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही थी। शादी के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए पीड़िता ने बयान में शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप भी लगाया था। इसके बाद आरोपी पर यौन उत्पीड़न की धाराएं भी बढ़ाई गईं। बुधवार देर रात सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर आरोपी नीतेश पांडेय को कल्याणपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि आरोपी और युवती की जान पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच जान पहचान हो गई। इसी बीच आरोपी ने जालसाजी कर पीड़िता से शादी के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए। जब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ तब उसने शिकायत दर्ज कराई।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment