करीब पांच दिन से लापता रोड रोलर चालक का शव खेत में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के अकबरखेड़ा गांव में शनिवार सुबह पुत्तू के खेत में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। मृतक की पहचान खागा कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर मझटेनी निवासी राम सिंह (50) के रूप में हुई। राम सिंह रोड रोलर चालक थे और करीब एक माह से अकबरखेड़ा-भीखमपुर मार्ग के निर्माण कार्य में काम कर रहे थे। वह मंगलवार शाम से लापता थे। ठेकेदार ने दी थी गुमशुदगी की सूचना
राम सिंह के लापता होने के बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को निर्माण कार्य के ठेकेदार रामप्रताप ने थाने पहुंचकर पुलिस को उनके लापता होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी थी। शनिवार सुबह खेत में शव मिलने की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
शव पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औंग थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश शुक्ला के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।