झांसी-शादी के चार दिन बाद जेवर-नकदी लेकर गायब हुई दुल्हन, युवक से डेढ़ लाख की ठगी

SHARE:

शादी की उम्मीद लगाए बैठे युवक को कथित तौर पर बिचौलियों ने अपने जाल में फंसा लिया। शादी कराने के नाम पर उससे रकम ली गई और एक महिला से विवाह करा दिया गया। शादी के कुछ दिन बाद महिला जेवर और नकदी लेकर गायब हो गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के परासई गांव निवासी उत्तम अहिरवार की शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दो युवकों ने उससे संपर्क किया और शादी कराने का भरोसा दिया। आरोप है कि दोनों ने उससे 60 हजार रुपये लिए और करौंदी माता मंदिर में एक महिला से उसकी शादी करा दी। शादी के बाद महिला करीब चार-पांच दिन उसके साथ रही और फिर अचानक घर से गायब हो गई।
मुआवजे की रकम पर थी नजर
पीड़ित के मुताबिक उसे जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में करीब पांच लाख रुपये मिले थे। शादी कराने वालों ने इसी रकम की जानकारी होने के बाद उसे अपने झांसे में लिया। शादी के दौरान अलग-अलग खर्च के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च करा दिए गए। इसके बाद दुल्हन जेवर लेकर चली गई। तलाश करने के बाद उसका अता पता नहीं चला।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
महिला के गायब होने के बाद उत्तम ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। रक्सा थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में बताए गए युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई