उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण पूरा होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसमें करीब 13.56 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। सूची जारी होने के साथ ही नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है। इसे सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर देखा जा सकेगा। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी सूची उपलब्ध रहेगी। बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों को भी सूची दी जाएगी। प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। पिछले सात महीनों में करीब 17 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथ नाम कटवाने और विवरण में संशोधन कराने की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। नए मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वा सकेंगे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी निगरानी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी पुलिस आयुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सात मानक तय किए गए हैं। इनमें पिछले चुनावों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान, किसी एक प्रत्याशी को 75 प्रतिशत से ज्यादा मत मिलना, 10 प्रतिशत से कम मतदान, पुनर्मतदान और मतदान में अनियमितता जैसी स्थितियां शामिल हैं। ऐसे क्षेत्रों में मतदाताओं को डराने-धमकाने या मतदान से रोकने की आशंका पर नजर रखी जाएगी तथा आवश्यक निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।