दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा निवासी सुरेश ने बताया कि उसका 28 वर्षीय छोटा भाई बृजेश यादव पुत्र नाना सोमवार की शाम बाइक से अपनी बहन को देखने सीएचसी जसपुरा जा रहा था। इसी दौरान कपसा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बृजेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसकी जेब से मिले मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल दोनों युवकों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।