झांसी-बीस साल से पुलिस को चकमा दे रहा कारोबारी गिरफ्तार

SHARE:

करीब दो दशक से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे चर्चित कारोबारी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लंदन और नेपाल तक फरारी काट चुका था। कई साल पुराने मामले में न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
झांसी के सिविल लाइंस निवासी नीरज मल्होत्रा पुत्र शंकरलाल मेहरोत्रा को नवाबाद पुलिस ने ओरछा के एक होटल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2006 में उसकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत कई धाराओं में नवाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में न्यायालय ने आठ मार्च 2018 को उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। सीओ सिटी रामवीर सिंह के अनुसार, पुलिस को चकमा देकर आरोपी लंदन और नेपाल में भी रहा। इसके अलावा उसके खिलाफ रिश्तेदार अरविंद मल्होत्रा ने भी धोखाधड़ी के आरोप में 10 जनवरी को नवाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
होटल में बना रखा था ठिकाना
पुलिस के मुताबिक रविवार को सर्विलांस टीम को आरोपी की लोकेशन ओरछा स्थित नीलमय होटल में मिली। वह कई दिनों से होटल को अपना ठिकाना बनाए हुए था। लोकेशन मिलने के बाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस टीम होटल पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुराने मामले में न्यायालय ने जारी किया था वारंट
पुलिस के अनुसार, नीरज मल्होत्रा के खिलाफ वर्ष 2006 में दर्ज मामले में लंबे समय से कार्रवाई लंबित थी। न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने के बावजूद वह पुलिस की गिरफ्त से दूर रहा। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज दोनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई