बाँदा-उद्यमियों की समस्याओं पर आयुक्त सख्त, समयबद्ध समाधान के निर्देश

SHARE:

औद्योगिक क्षेत्रों में समस्याओं के लंबित रहने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक इकाइयों के संचालन में अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन, औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़कों और नालियों की मरम्मत तथा प्रवेश द्वार पर बोर्ड और गेट लगाने का काम पूरा नहीं होने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
बिजली संकट दूर करने के लिए कमिश्नर ने किया निर्देशित
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की समस्या पर अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि प्रस्ताव यूपीपीसीएल को भेजा जा चुका है और कार्रवाई चल रही है। आयुक्त ने प्रक्रिया में तेजी लाने और उद्यमियों को जल्द राहत देने के निर्देश दिए।
मटौंध से 33 केवी विद्युत लाइन औद्योगिक क्षेत्र तक लाने का काम भी लंबित मिला। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में पहले से लगे आठ सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त आठ नए कैमरे लगाने के प्रस्ताव की भी समीक्षा हुई। संबंधित अधिशासी अभियंता, यूपीसीडा के बैठक में अनुपस्थित रहने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए।
ट्रकों के चालान पर शासन के निर्देशों का जरूर करायें पालन
पंजीकृत ट्रकों के परिवहन विभाग द्वारा चालान किए जाने की समस्या भी उद्यमियों ने उठाई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि शासन से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन हो। प्रवर्तन की कार्रवाई में उद्यमियों और वाहन स्वामियों को अनावश्यक परेशानी न हो और किसी प्रकार की अनुचित क्षति न होने पाए।
बैठक में कताई मिल औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड आवंटन, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 कबरई-महोबा, राष्ट्रीय मार्ग-35 कबरई-बांदा और भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के भूखंड संख्या ई-08 के मानचित्र स्वीकृति से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।
एमओयू के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश
हस्ताक्षरित एमओयू के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। आयुक्त अजीत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को धरातल पर उतारने में आने वाली बाधाओं को प्रभावी ढंग से दूर करने और सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूरी कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, स्वच्छता, विद्युत और सुरक्षा जैसी सुविधाएं बेहतर औद्योगिक वातावरण के लिए जरूरी हैं। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान करें और बैठक में दिए गए निर्देशों की कार्रवाई से समिति को अवगत कराएं।
बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने किया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्योग बंधु समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई