2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, लखनऊ पहुंचे अमित शाह

SHARE:

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले पार्टी ने प्रदेश स्तर पर रणनीति बनाने और संगठन को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आयोजित की जा रही है।
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह आशियाना स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई है।
बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर
30 और 31 अक्टूबर को आयोजित बैठक में प्रदेशभर से करीब 2850 पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ प्रबंधन, सामाजिक समीकरण और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक के अलग-अलग सत्रों में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की जा रही है। संगठनात्मक रूप से कमजोर क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।
सरकार के कामकाज और चुनावी एजेंडे पर चर्चा
बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों को राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के कार्यों और आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी।
बैठक के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। दूसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। पार्टी की ओर से जिला स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा कर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई