नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
जनपद के पैलानी थाना पुलिस ने 24 अगस्त को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अमलौर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान संदिग्ध हालत में मिले युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जावेद पुत्र इस्तियाक निवासी सवादा, थाना पैलानी, बांदा के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन ईगल के तहत शिकंजा
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन ईगल चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पैलानी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पैलानी में मुकदमा अपराध संख्या 184/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।