रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में पारिवारिक लोगों ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर लाठी और फरसा से हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के बाबा तालाब के साधूडेरा निवासी 25 वर्षीय शिवलखन पुत्र बासदेव रविवार दोपहर मवेशी लेकर खेत जा रहा था। रास्ते से निकलने को लेकर पारिवारिक भाई इंद्रपाल ने उसे मना किया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। शाम को शिवलखन मवेशी लेकर घर लौट आया। रात में वह दुकान से घर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में इंद्रपाल, कमलेश, जयपाल, जुगला समेत करीब एक दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-फरसा से हमला कर दिया। हमले में शिवलखन लहूलुहान हो गया। बचाने पहुंचे पिता और भाई पर भी हमला
शोर सुनकर शिवलखन का 30 वर्षीय बड़ा भाई रामलखन और 50 वर्षीय पिता बासदेव उसे बचाने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर भी फरसा से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।