नशे की हालत में घर पहुंचे युवक का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में चला गया और फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। झांककर देखा तो युवक का शव फंदे पर लटक रहा था।
जनपद के अतर्रा कस्बे के सिविल लाइन निवासी संदीप ने बताया कि उसका 28 वर्षीय बड़ा भाई बुद्धविलास पुत्र राजाभइया सोमवार शाम नशे की हालत में घर आया था। किसी बात को लेकर उसका पत्नी आरती से विवाद हो गया। विवाद के बाद बुद्धविलास कमरे के अंदर चला गया और छप्पर की धन्नी में साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई हरकत नहीं होने पर संदीप ने दरवाजे की दरार से झांककर देखा तो बुद्धविलास का शव फंदे पर लटक रहा था। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई संदीप ने बताया कि बुद्धविलास मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। मजदूरी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
परिजनों के अनुसार, बुद्धविलास मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। शराब की लत के चलते आए दिन विवाद की स्थिति बनती थी। सोमवार शाम भी नशे की हालत में घर आने के बाद पत्नी से विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।