बाँदा-43 प्राविधिक सहायकों के हाथों में नियुक्ति पत्र, किसानों की सेवा का संकल्प

SHARE:

नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र मिलते ही उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में उन्हें किसानों की सेवा को प्राथमिकता देने और सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। चयनित अभ्यर्थियों को राजकीय सेवा में योगदान के लिए बधाई भी दी गई।
कलेक्ट्रेट स्थित महर्षि बामदेव सभागार में सोमवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) कुमार धर्मेंद्र की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जल शक्ति विभाग के राज्यमंत्री रामकेश निषाद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित अभ्यर्थियों को दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त 43 प्राविधिक सहायकों को राजकीय सेवा में योगदान के लिए बधाई देते हुए अपनी सेवाएं अन्नदाता किसानों को पूर्ण मनोयोग से समर्पित करने का आह्वान किया। उप कृषि निदेशक डॉ. अभय कुमार सिंह यादव ने मुख्य अतिथि और जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए बताया कि जनपद में कुल 71 न्याय पंचायतें हैं। नवनियुक्त कर्मचारियों की तैनाती रिक्त न्याय पंचायतों में की जाएगी। इससे कृषि विभाग की योजनाओं को किसानों तक जमीनी स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी और पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
कृषि क्षेत्र को मिलेगी नई ताकत
मुख्य अतिथि रामकेश निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संकल्प देश को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसी क्रम में कृषि क्षेत्र को गति देने के लिए रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायकों की तैनाती से किसानों को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती बासू गुप्ता, विधायक सदर के प्रतिनिधि रजत सेठ, ब्लाक प्रमुख मनफूल सिंह पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई