नाले में नहाने के दौरान पैर फिसलने से दो बालक डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने एक बालक को तो बचा लिया, लेकिन दूसरा तेज बहाव में बह गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबई गांव निवासी शुभम पाल ने बताया कि उसका 12 वर्षीय चचेरा भाई मोहित पाल पुत्र स्व. मुन्ना पाल रविवार दोपहर अपने रिश्ते के 10 वर्षीय भतीजे करन पाल पुत्र राजू पाल के साथ गांव के नजदीक स्थित नाले में नहाने गया था। नहाने के दौरान करन का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में मोहित भी डूबने लगा। दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने नाले में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने करन को पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं पानी के तेज बहाव के कारण मोहित लापता हो गया। जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से मोहित की तलाश शुरू कराई गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में मोहित का शव फंसा मिला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
मृतक के चचेरे भाई शुभम ने बताया कि मोहित के पिता मुन्ना पाल वर्ष 2018 में गुरुग्राम गए थे। वहां एक दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद परिवार पर एक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा।