परिषदीय विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के लिए सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया है। अब रसोइयों को पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और परिधान के लिए बढ़ी हुई धनराशि का लाभ मिलेगा।
जनपद के रानी दुर्गावती सभागार, विकास भवन में रविवार को लखनऊ में आयोजित रसोइया मानदेय बढ़ोत्तरी एवं चिकित्सा कैशलेस कार्ड वितरण सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जनपद के प्रत्येक विकासखंड से चिन्हित रसोइयों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू ने रसोइयों को चिकित्सा कैशलेस कार्ड के प्रतीकात्मक कार्ड और बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि रसोइयों को पहले दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। बढ़ा हुआ मानदेय सीधे डीबीटी के माध्यम से रसोइयों के बैंक खातों में भेजा जाएगा।
इसके साथ ही रसोइयों को दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह चिकित्सा सुविधा रसोइयों के साथ उनके परिवार को भी लाभ पहुंचाएगी। परिधान के लिए मिलने वाली धनराशि को भी दोगुना करते हुए एक हजार रुपये प्रतिवर्ष किया गया है। रसोइयों के काम को सराहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोइयों द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन तैयार कर उनके स्वास्थ्य और देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। दुर्घटना बीमा से विशेष परिस्थितियों में आश्रितों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से बीमारी की स्थिति में रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि का उपयोग दो जोड़ी यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर और बैग आदि के लिए किए जाने को लेकर शिक्षकों से अभिभावकों को जागरूक करने को कहा गया। प्रत्येक जनपद में उच्चीकृत केजीबीवी, पीएम श्री विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय और सीएम अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। मुख्य अतिथि मालती गुप्ता बासू ने कहा कि सरकार ने रसोइयों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मानदेय बढ़ाने के साथ पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सामाजिक सुरक्षा और परिधान के लिए मिलने वाली धनराशि को दोगुना किया है। कार्यक्रम में सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी सहित अन्य अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इंद्रवीर सिंह ने किया।