बाँदा-पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की हुई दर्दनाक मौत,हत्या का आरोप

SHARE:

पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और शव उठाने से रोक दिया। करीब आठ घंटे बाद परिजनों ने शव उठाने की अनुमति दी। मृतकों के पिता ने पड़ोसी पर दोनों बच्चों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है। दोनों शवों का दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव के कैमहाईपुरवा निवासी भइया राम राजपूत ने बताया कि बुधवार दोपहर उसका छह वर्षीय पुत्र मनोज और चार वर्षीय पुत्र युवराज आंगन में खेल रहे थे। कुछ देर बाद दोनों बच्चे लापता हो गए। बड़ी बहन दीपिका ने दोनों के गायब होने की जानकारी पिता को दी। इसके बाद परिजन बच्चों की तलाश में जुट गए।
रात करीब आठ बजे घर से करीब 50 मीटर दूर उज्ज्वल राजपूत के मकान के पास बने करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में दोनों भाइयों के शव पड़े मिले। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव उठाने से रोक दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा किया। भइया राम ने बताया कि करीब एक माह पहले पड़ोसी पक्ष के लोगों ने उसके खेत में लगा पेड़ काट दिया था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई थी। उसने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पिता का आरोप है कि समय पर पुलिस कार्रवाई करती तो उसके दोनों बेटों की जान बच सकती थी। घटना के बाद भइया राम एसपी से मिला। करीब आठ घंटे बाद परिजनों ने पुलिस को शव उठाने दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों के पिता और मां कलावती ने पड़ोसी पर दोनों बच्चों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है।
दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
दोनों बच्चों के शवों का दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।
तहरीर मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों का दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की सच्चाई सामने आएगी। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई