बरेली-परचून दुकानदार के खाते में एक अरब से अधिक का लेनदेन, ईडी की 20 घंटे जांच

SHARE:

परचून की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार के बैंक खाते में एक अरब रुपये से अधिक के लेनदेन का इनपुट मिलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने करीब 20 घंटे तक जांच की। टीम दुकानदार का मोबाइल फोन अपने साथ ले गई, जबकि फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के चिटौली गांव में ईडी की टीम बुधवार सुबह दुकानदार पोशाकीलाल मौर्य के घर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पोशाकीलाल घर पर मौजूद नहीं थे। गांव के प्रशासक अनुज सिंह ने उन्हें खेत से बुलाया। ईडी की टीम ने कार्रवाई का कारण बताने से इनकार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पोशाकीलाल के खाते में करीब एक अरब रुपये की रकम डाली और निकाली गई। वहीं पोशाकीलाल ने बताया कि उन्होंने उस एसबीआई शाखा में कभी खाता खुलवाया ही नहीं, जहां से यह लेनदेन सामने आया है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई गई है। करीब 20 घंटे की जांच के बाद ईडी की टीम बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली रवाना हो गई। टीम पोशाकीलाल का मोबाइल फोन अपने साथ ले गई है। अब जांच एजेंसी खाते में हुए बड़े लेनदेन और उसके इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।
खाते के दुरुपयोग की आशंका
एक अरब रुपये से अधिक के लेनदेन सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य व्यक्ति ने दुकानदार के बैंक खाते का इस्तेमाल किया हो। पोशाकीलाल ने खाते से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। ईडी जांच में लेनदेन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
पुराने हत्या के मामले की भी जानकारी
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पोशाकीलाल के खिलाफ पहले से हत्या का एक मामला दर्ज है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ईडी की मौजूदा कार्रवाई का उस पुराने मामले से कोई संबंध नहीं है।पोशाकीलाल पहले फेरी लगाकर सामान बेचते थे और अब किराना की दुकान चलाते हैं। उनके दो बेटे अजय और अमित निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई