जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाने के लक्ष्य के साथ दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना संभावित स्थलों पर जरूरी सुधार कराने, हिट एंड रन पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और हादसों में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बुधवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और जनजागरूकता से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए ठोस कदम उठाने तथा आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हिट एंड रन पीड़ितों को समय से मिले मुआवजा
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने हिट एंड रन की घटनाओं से प्रभावित पीड़ितों और उनके पात्र आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा। राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए अधिक लोग आगे आएं और उन्हें समय से उपचार मिल सके। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
बैठक में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कराने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।