घर में घुसकर आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जुगरेहली
गांव निवासी केशनिया पत्नी कमलेश ने 10 अक्टूबर को थाना बबेरू में तहरीर देकर बताया था कि नौ और 10 अक्टूबर की रात उनके घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बबेरू पुलिस ने 11 और 12 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर वंशीपुरवा मोड़ की पुलिया के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हरदौली गांव निवासी साहिल पुत्र इसरार और शरीफ उर्फ बनिया पुत्र सुबराती के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की एक नथुनी और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए। इसके अलावा सफेद धातु के आठ मीना, तीन छोटे कड़े, तीन बालियां, चार बिछिया, एक पेटी, एक पैर की छागल, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी छोटी पायल बरामद हुई। साथ ही 5100 रुपये नकद मिले। पुलिस टीम में यह रहे शामिल
चोरी का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय द्विवेदी, उपनिरीक्षक शैलेश यादव, कांस्टेबल सूर्यांश, इंद्रजीत और अनूप कुमार शामिल रहे। मामले में थाना बबेरू में मुकदमा अपराध संख्या 333/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) और 317(2) में अभियोग दर्ज हैं।