बाँदा-ईनामी भू-माफिया को पकड़ने तथा अपहरण हुए मासूम को बरामद करने वाले सिपाहियों सहित चौकीदार को किया गया सम्मानित

SHARE:

भू-माफिया को पकड़ने तथा रेलवे स्टेशन से अपहरण हुए मासूम बच्चे को सकुशल बरामद करने वाले तीन सिपाहियों तथा ग्रामीण चौकीदार को एसपी ने सम्मानित किया है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा पुलिस लाइन सभागार में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा पुलिस की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एक चौकीदार को साइकिल एवं नकद पुरस्कार के अलावा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।दिनांक 24 मई 2026 को रेलवे स्टेशन से अपहरण हुए 02 वर्षीय बच्चे के सकुशल बरामदगी में महत्वपूर्ण कार्य करने वाले थाना कोतवाली देहात में तैनात पुलिसकर्मी जितेन्द्र कुमार व रिक्रूट आरक्षी राजेश राय को एसपी पलाश बंसल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। साथ ही इस घटना में सूझ-बूझ का परिचय देते हुए त्वरित एवं महत्वपूर्ण सूचना देकर पुलिस की सहायता करने वाले थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महोखर के चौकीदार रमेश कुमार को भी पुलिस अधीक्षक ने साइकिल,02 हजार रुपए नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। इसी तरह थाना मटौंध में तैनात आरक्षी पुष्पेन्द्र को जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त आजम खान,अयूब खान निवासी बिजलीखेड़ा थाना कोतवाली नगर की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कार्य करने पर एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों एवं चौकीदार की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठा,सतर्कता एवं जनसेवा की भावना से किए गए कार्य पुलिस विभाग की कार्यकुशलता एवं जनता के विश्वास को और मजबूत बनाते हैं। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी प्रकार लगन,मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनसामान्य को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान एएसपी शिवराज,सहायक एसपी मेविस टॉक भी मौजूद रही।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment