पंजाब चुनाव के लिए आप ने खोले पत्ते, 31 अक्टूबर को जारी होगी उम्मीदवारों की पहली सूची

SHARE:

पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी ने टिकटों के बंटवारे पर मंथन शुरू करते हुए पहली सूची जारी करने की तारीख भी तय कर दी है।
दिल्ली में शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों और उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी दी कि पार्टी की पहली सूची शनिवार 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे जारी की जाएगी।
दो बार जीतने वाले विधायकों को मिल सकती है प्राथमिकता उम्मीदवारों के चयन में उन दावेदारों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है, जो पहले दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इनमें से ज्यादातर विधायकों को लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ने का मौका देने पर विचार किया जा सकता है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं, जिनमें आम आदमी पार्टी के 94 विधायक हैं। पार्टी इस बार भी अन्य राजनीतिक दलों से पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना चाहती है, ताकि प्रत्याशियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार और जनसंपर्क के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए अभियान की तैयारी
आम आदमी पार्टी एक नवंबर से महिला मतदाताओं के बीच विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के दौरान मावां-धीयां सत्कार योजना सहित सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी और सेक्टर प्रभारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं। सेक्टर प्रभारियों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पार्टी के कामकाज को लेकर मतदाताओं से फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। यह जानकारी प्रतिदिन वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई जा रही है।
इसके अलावा महिला, युवा और व्यापार सहित विभिन्न संगठनों में पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं। नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों की भी घोषणा की जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान विधानसभा क्षेत्रों में लोक मिलनी कार्यक्रमों के जरिए जनसंपर्क कर रहे हैं। पार्टी आने वाले दिनों में बड़ी चुनावी रैलियां आयोजित करने की भी तैयारी कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई