बाँदा-अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर करें प्रभावी कार्रवाई

SHARE:

अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गठित टास्क फोर्स को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पकड़े गए वाहनों की संख्या पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में पकड़े गए वाहनों की तुलना में कम नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही लंबित 233 वाहनों के बैकलॉग को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने के संबंध में टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन पट्टों की निगरानी, भंडारण स्थलों की जांच और अवैध खनन की शिकायतों पर कार्रवाई की समीक्षा की गई।
खनन पट्टों की निगरानी और भंडारण स्थलों की जांच के निर्देश जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बबेरू, नरैनी, सदर और पैलानी के उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सत्र समाप्त होने के बाद बालू और मोरम के संचालित खनन पट्टों तथा खनन अनुज्ञा-पत्रों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। खनन पट्टों पर अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग नहीं होनी चाहिए। नदी की जलधारा और नदी तल की मुख्य धारा में किसी भी स्थिति में खनन कार्य नहीं होने दिया जाए। उन्होंने मानसून सत्र के बाद भंडारण लाइसेंस में शेष बालू और मोरम की खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जांच और माप कराने के निर्देश दिए। इसकी संयुक्त आख्या 10 कार्य दिवस के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक में उपजिलाधिकारी नरैनी और खान अधिकारी ने बताया कि नदी में पानी उतरने के बाद नरैनी और करतल थाना क्षेत्रों के पास स्थानीय ग्रामीणों से बालू और मोरम के अवैध खनन तथा परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने टास्क फोर्स के सदस्यों को संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कनवारा समेत कई गांवों में अवैध खनन की शिकायतों की होगी जांच
जिलाधिकारी ने सदर क्षेत्र के कनवारा, अछरौड़, उजरेहटा, भवानीपुरवा और लड़ाकापुरवा (राजघाट) में अवैध खनन और परिवहन की शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को जांच आख्या अगली बैठक में प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और अवैध खनन, परिवहन तथा ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भी टास्क फोर्स और पुलिस अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, खान अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और जीएसटी विभाग के प्रवर्तन से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई