घर से बाइक लेकर निकले युवक का शव दो दिन बाद बागै नदी में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। युवक के शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बांदा के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव के मजरा लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने बताया कि उनका 30 वर्षीय पुत्र बरकत अली शुक्रवार देर शाम पड़ोसी बृजमोहन के पुत्र राहुल के साथ उसकी बाइक लेकर घर से निकला था। राहुल को शंकर बाजार में उतारने के बाद बरकत ने लहुरेटा जाने की बात कही थी। देर रात तक बरकत घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह बाइक मालिक ने करतल पुलिस चौकी में सूचना दी। इसके बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह क्योटरा गांव के पास बागै नदी में ग्रामीणों ने पानी में शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर कब्जे में लिया। मौके पर पहुंचे पिता जिलेदार ने शव की शिनाख्त अपने पुत्र बरकत अली के रूप में की। शरीर और गर्दन पर मिले चोट के निशान
परिजनों के मुताबिक बरकत अली पेशे से ड्राइवर था। उसके शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि नौगांव के पास क्योटरा गांव स्थित नदी में युवक का शव मिला है। शरीर और गर्दन पर मारपीट के निशान दिखाई दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।