पत्नी को मायके से लाने निकला युवक रास्ते में दोस्तों के साथ बैठकर शराब पीने लगा। नशा ज्यादा होने पर वह सड़क किनारे बेसुध होकर गिर पड़ा। दोस्तों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर ले जाने की सलाह दी गई। घर पहुंचते ही युवक ने दम तोड़ दिया।
जनपद बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र के राघवपुर गांव निवासी सालिगराम ने बताया कि उसका 26 वर्षीय भाई विवेक उर्फ सुखराम शनिवार को अपनी ससुराल साड़ी जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में दादौं घाट के पास उसके कुछ मित्र मिल गए। आरोप है कि दोस्तों के साथ विवेक ने जमकर शराब पी। शराब पीने के बाद विवेक नशे में बेसुध होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। दोस्तों ने फोन कर घरवालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन दादौं घाट पहुंचे। वहां विवेक सड़क किनारे बेसुध पड़ा मिला। परिजन उसे फतेहपुर के खागा अस्पताल ले गए। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने अधिक नशा होने की बात कही और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर ले जाने की सलाह दी। परिजन विवेक को घर लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी को लेने जा रहा था युवक
भाई सालिगराम ने बताया कि विवेक की पत्नी नेहा देवी करीब एक महीने से मायके में रह रही थी। उसे लेने के लिए ही विवेक शनिवार को ससुराल जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
कमासिन थाना प्रभारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि प्रथम दृष्टया अधिक नशा करने के कारण युवक की मौत होने की संभावना है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।