हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड की जांच में उत्तर प्रदेश की एक युवती जाह्नवी मलिक की भूमिका सामने आने से सनसनी फैल गई है। आरोप है कि उसने गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया को प्रेमजाल में फंसाकर हत्याकांड की साजिश में मुखबिरी की भूमिका निभाई। वारदात के बाद उसके बैंकॉक के रास्ते जॉर्जिया पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, ढाबे तक पहुंची साजिश
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, जाह्नवी ने करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी रिटौलिया से संपर्क बढ़ाया था। इसके बाद वह दिल्ली से रोहतक पहुंची और किराये के फ्लैट में रहने लगी। आरोप है कि वह सन्नी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसकी जानकारी गैंगस्टर रवि राठी के गिरोह तक पहुंचा रही थी। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर की रात जाह्नवी सन्नी के साथ मिलन ढाबे पहुंची थी। आरोप है कि उसने ढाबे से फोटो और संदेश भेजकर बदमाशों को सन्नी की लोकेशन बताई। कुछ ही देर बाद पहुंचे पांच हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। इस दौरान 50 से 60 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। मृतकों में रिंकू, विनीत, यश और एमकॉम का छात्र हिमांशु शामिल हैं। सन्नी रिटौलिया ढाबे के पिछले दरवाजे से निकलकर बचने में सफल रहा। वारदात के बाद दिल्ली से बैंकॉक पहुंचने की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के तुरंत बाद जाह्नवी को कार से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचाया गया। इसके बाद उसके बैंकॉक जाने की जानकारी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि वह वहां से जॉर्जिया जा सकती है, जहां गैंगस्टर रवि राठी के सक्रिय होने की बात सामने आई है। रोहतक पुलिस की टीमें शामली के बहावड़ी और कसेरवा सहित कई स्थानों पर पूछताछ कर चुकी हैं। पुलिस को जाह्नवी की तलाश है और उसके विदेश पहुंचने की जानकारी की जांच की जा रही है। इस मामले में उसकी मां की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।