बाँदा-युवाओं को सामाजिक बदलाव का प्रहरी बनने का संदेश, साइबर सुरक्षा से नशा मुक्ति तक किया जागरूक

SHARE:

युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने और सकारात्मक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं, नशे और बाल विवाह जैसी समस्याओं से बचाव के लिए युवाओं को जागरूक करते हुए उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों पर विशेष जोर दिया गया।
मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में युवा मंडल गठन अभियान के तहत जिला स्तरीय युवा क्लब प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज रहे, जबकि अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी सुशील करोलिया ने की। संचालन माय भारत स्वयंसेवक दिव्यांश निगम ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन से हुई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे युवा मंडल एवं महिला मंडल के अध्यक्षों और सचिवों से अपर पुलिस अधीक्षक ने संवाद किया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साइबर सुरक्षा के संबंध में युवाओं को OTP और UPI PIN किसी से साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने पर 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। सड़क सुरक्षा को लेकर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति और नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। आपात स्थिति में 112 की जानकारी देते हुए युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत शराब, तंबाकू, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। युवाओं से नशे से दूर रहने और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार व परामर्श के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
युवा मंडलों को सक्रिय रखने पर जोर
जिला युवा अधिकारी सुशील करोलिया ने कहा कि युवा मंडल और महिला मंडल संगठन की नींव हैं। केवल मंडलों का गठन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सक्रिय रखना भी जरूरी है। उन्होंने नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने और अपने स्तर से विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित करने की अपील की।
प्रतियोगिता में विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जय सिंह ने प्रथम, दिव्यांश निगम ने द्वितीय और धीरू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवा मंडल गठन अभियान के तहत गठित युवा मंडलों के जिला स्तरीय सम्मेलन में सभी युवा मंडलों को संबद्धता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में स्वतंत्रत साहू, सुभाष त्रिपाठी, अंकित तिवारी, पीयूष गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, रोहित सिंह, हर्ष नामदेव, प्रियंका देवी, पूर्व स्वयंसेवक रवि अवस्थी, पीटीएस बांदा के अभय राज समेत जिलेभर के युवा मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई