बाँदा-मौत के कुएं में उतरे दो किसान, जहरीली गैस ने छीन ली जान

SHARE:

खेत में बने कुएं में मोटर ठीक करने उतरा किसान जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए कुएं में उतरा खेत मालिक भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शिवनारायण सिंह के खेत में बने कुएं में यह हादसा हुआ। खेत में लगी बोर की मोटर का पंखा खराब होने पर गांव का बटाईदार किसान लालू (40) उसे ठीक करने कुएं में उतरा था। करीब 15 फीट नीचे बने बोर के चैंबर के पास पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया और अचेत होकर गिर पड़ा। लालू को कुएं में अचेत पड़ा देखकर खेत मालिक कृष्ण कुमार त्रिपाठी (45) उसे बचाने के लिए नीचे उतर गए। कुछ ही देर में कृष्ण कुमार भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। दोनों के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। ऑक्सीजन के सहारे किद्दू नामक ग्रामीण को रस्सी से कुएं में उतारा गया, जिसने दोनों किसानों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से पीएचसी बिसंडा ले जाया गया। चिकित्सकों ने लालू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में कृष्ण कुमार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
दो परिवारों में पसरा मातम
मृतक कृष्ण कुमार के चार पुत्र और एक पुत्री हैं, जबकि लालू के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों किसानों की मौत कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई