सड़क सुरक्षा हेतु संचालित ‘जीरो फैटलिटी अभियान’,महिला संबंधी अपराधों, गोकशी, गोतस्करी एवं अन्य संवेदनशील अपराधों पर कार्रवाई तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाये जाने के डीआईजी ने पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए हैं।
सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में मासिक आपराधिक गोष्ठी का आयोजन डीआईजी परिक्षेत्र राजेश एस की मौजूदगी में किया गया। बैठक में डीआईजी ने परिक्षेत्र के चारो जनपदों में पूर्व में घटित घटनाओं का विश्लेषण करते हुए आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण एवं विवेचनाओं की प्रगति की डीआईजी के द्वारा समीक्षा की गई।डीआईजी राजेश एस ने ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन सुनिश्चित किया जाए।जिससे अभियोजन की गुणवत्ता एवं सफलता दर में वृद्धि हो सके। साथ ही न्यायालयों में ई-समन की संख्या बढ़ाने तथा डिजिटल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग के निर्देश दिए। डीआईजी ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा करते हुए सभी शिकायतों का निष्पक्ष एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करने के पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए।डीआईजी ने अपराधियों की निगरानी एवं सत्यापन कार्य को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ‘यक्ष ऐप’ के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने,जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा हेतु संचालित ‘जीरो फैटलिटी अभियान’, महिला संबंधी अपराधों, गोकशी,गोतस्करी एवं अन्य संवेदनशील अपराधों में प्रभावी कार्रवाई तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश देने के साथ साइबर अपराध के मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्यवाही करने तथा इस संबंध में जन-जागरूकता को सुदृढ़ किया जाए व मिशन शक्ति केंद्रों की पहुंच एवं जन-जागरूकता को और अधिक व्यापक बनाये जाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल,पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरूण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक,पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक बांदा/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक उपस्थित रहीं।