बागपत-खड़ी कार में मिला एसडीओ का शव,पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

SHARE:

खड़ी कर में एसडीओ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मुंह से खून निकल रहा था। लेकिन अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
बागपत के रमाला क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर खड़ी एक कार से यमुनानगर नगर निगम में तैनात एसडीओ दीपक कुमार का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। गश्त के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी कार को देखा। कार के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे और भीतर धीमी आवाज में संगीत चल रहा था। सूचना के बाद पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर वाहन खोला, जहां चालक सीट पर युवक मृत अवस्था में मिला।
पेट्रोल पंप के सामने खड़ी थी कार
जानकारी के अनुसार किशनपुर बराल स्थित निर्माणाधीन सीएनजी पंप के सामने देर रात पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी कार पर पुलिस की नजर पड़ी। काफी देर तक कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच करने पर कार के सभी दरवाजे बंद मिले। पुलिस ने शीशा तोड़कर कार खोली तो चालक सीट पर युवक का शव मिला। उसके मुंह से खून बह रहा था। कार की जांच के दौरान मृतक के मोबाइल फोन पर परिजनों का कॉल आया।पुलिसकर्मियों ने कॉल रिसीव कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बागपत पहुंचे और मृतक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर नगर निगम में तैनात एसडीओ दीपक कुमार के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार दीपक कुमार यमुनानगर से अपने घर पलवल जा रहे थे। रास्ते में उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। घटना के कारणों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई