हमीरपुर-चाकलेट के बहाने बच्चे को लिवा जा रहे संदिग्ध को ग्रामीणों ने पकड़ा

SHARE:

चाकलेट दिलाने के बहाने बच्चा चोरी का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। वहीं उसका साथी भागने में सफल रहा।
जनपद जालौन के हासा गांव निवासी सद्दाम हुसैन छानी खुर्द गांव अपने एक रिश्तेदार इम्मी के यहां शादी समारोह में शामिल होने हमीरपुर जनपद के बिवांर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाही मस्जिद पुरवा आए थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे उसका बेटा साहिल (7) शाही मस्जिद के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान धोती-कुर्ता पहने दो युवक आए और उन्होंने साहिल और एक अन्य बच्चे को चॉकलेट दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाने लगे। इसी दौरान सद्दाम ने अपने बेटे को अनजान युवकों के साथ जाते देखा तो उसे शक हुआ। वह तुरंत दौड़कर बच्चों के पास पहुंचा कि तभी मासूम साहिल पिता को देखते ही रोने लगा और बोला, अब्बू ये अंकल जबरदस्ती चॉकलेट दिलाने के बहाने ले जा रहे हैं। पिता के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घेराबंदी करके एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पीआरवी पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने जब युवक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना नाम पता मौदहा कस्बा बड़ा चौराहा निवासी मंगल पुत्र कंधई बताया। साथ ही अपने साथी का नाम कस्बा के इलाही तालाब निवासी छोटू पुत्र बच्छराज बताया है। आरोपी ने बच्चा चुराने की बात नकारते हुए कहा कि वह भीख मांगकर गुजारा करता है। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। उसकी मंशा जानने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उसके दूसरे साथी की भी तलाश की जा रही है। कहा कि जल्द ही साथी को भी गिरफ्तार किया जायेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment