शादी टूटने से नाराज युवक ने घर मे घुसकर मंगेतर व उसकी बहन को गोली मार दी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाजियाबाद के खोड़ा थानाक्षेत्र के वाल्मीकि चौक स्थित आदर्श नगर की रहने वाली खुशी और उनकी बहन निधि को घर में घुसकर एक युवक ने गोली मार दी। आरोपी गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा निवासी जॉनी है। आरोप है कि खुशी से शादी टूटने के बाद जॉनी ने 16 जून की शाम करीब 4.30 बजे घर में घुसकर खुशी और निधि पर चार राउंड फायरिंग की। खुशी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं निधि का इलाज पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
टैक्सी चलाता है आरोपी
आदर्श नगर निवासी देवेंद्र गुरुग्राम में टैक्सी चलाने का काम करते हैं और उनकी पत्नी नोएडा सेक्टर 13 स्थित फैक्टरी में नौकरी करती हैं। वह अपनी पत्नी और दोनों बेटी खुशी व निधि के साथ वालमीकि चौक पर तेजपाल प्रधान के मकान में किराये पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले जॉनी से खुशी की शादी तय हुई थी। दोनों की बातचीत शुरू हो गई। करीब चार माह पहले दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कई दिनों तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा।
परिवार वालों ने शादी से कर दिया था इनकार
रिश्तेदारों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैठकर बातचीत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद खुशी के परिजनों ने रिश्ता तोड़ते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से जॉनी काफी नाराज था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को जॉनी पिस्टल लेकर खुशी के घर के पास पहुंचा और खिड़की का शीशा तोड़कर फायरिंग का प्रयास किया।
जॉनी और उसके हाथ में पिस्टल देख कमरे में मौजूद खुशी और निधि ने भागने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान खुशी के पेट में गोली लगी और निधि के जबड़े में। आरोपी मौके से भाग गया। गोलियों की आवाज और युवतियों का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवतियों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल मे भर्ती कराया। खुशी को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।