पंखे के हुक में युवती ने रस्सी के सहारे
फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव निवासी गुलसवा उम्र 24 वर्ष पत्नी सलमान ने मंगलवार की शाम कमरे के अंदर पंखा की हुक पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर बाद जब ससुर नमाज पढ कर घर आया देखा तो दरवाजे बंद थे। उसने आवाज लगाई। लेकिन अंदर से कोई आहट नहीं मिली। उसने कुंड़ी खटखटाई लेकिन उसने दरवाजा नही खोला। मृतका के ससुर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सब्बल से दरवाजा तोड़ कर कमरे के अंदर पहुंची। देखा तो गुलसवा फंदे पर लटक रही थी। मृतका के ससुर ने बताया कि उसका पति मुम्बई में गत्ता बनाने का काम करता है। वह दो दिन पहले बकरीद का त्यौहार मनाने गांव आया था। घटना के समय वह किसी काम से घर के बाहर गया हुआ था। कहा कि फांसी लगाने का कारण अज्ञात है। मृतका के चाचा कलीम निवासी पारा बिसंडा का कहना है कि उसने अपनी भतीजी की शादी पांच वर्ष पहले की थी। उसके एक बेटी है। शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज कम लाने का अक्सर ताना देकर उसे प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने भतीजी की हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया है।